रायपुर, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल ने निर्माण श्रमिकों के बच्चों को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने हेतु संचालित "निर्माण श्रमिकों के बच्चों हेतु उत्कृष्ट खेल प्रोत्साहन योजना" को संशोधित किया है। यह योजना पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को खेलो इंडिया योजना के तहत चिन्हित खेलों और छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत स्वीकृत/मान्यता प्राप्त समस्त खेलों में जिला, संभाग, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर प्रोत्साहन राशि प्रदान करती है।
इस योजना का उद्देश्य श्रमिकों के बच्चों को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने और उत्कृष्ट बनने के लिए एक बड़ा प्रोत्साहन देना है।
योजना के मुख्य लाभ - प्रोत्साहन राशि
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को निम्न अनुसार प्रोत्साहन राशि दी जाएगी:
- जिला स्तर पर: ₹1,000/-
- संभाग स्तर पर: ₹2,000/-
- राज्य स्तर पर: ₹5,000/-
- राष्ट्रीय स्तर पर: ₹50,000/-
पात्रता की शर्तें
- लाभ की पात्रता, प्रदेश के किसी भी जिले में पंजीकृत निर्माण श्रमिक के बच्चे को होगी।
- योजना का लाभ उन्हीं बच्चों को दिया जाएगा, जिनकी उत्कृष्टता खेल विभाग द्वारा प्रमाणित हो।
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज
योजना के तहत आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही प्रस्तुत किया जा सकता है। आवेदन करते समय निम्नलिखित मूल दस्तावेज़ों को स्कैन कर ऑनलाइन अपलोड करना अनिवार्य होगा:
- हितग्राही के जीवित श्रमिक पंजीयन परिचय पत्र की प्रति।
- हितग्राही के पुत्र/पुत्री के आधार कार्ड की प्रति।
- खेल विभाग द्वारा जारी उत्कृष्टता प्रमाण पत्र की मूल स्कैन प्रति।
- बैंक पास बुक की प्रति।
ध्यान दें: उत्कृष्टता प्रमाण पत्र जारी होने की तारीख से 6 महीने के भीतर आवेदन प्रस्तुत करना अनिवार्य है।
कैसे करें आवेदन?
आवेदक स्वयं, च्वाईस सेंटर या संबंधित क्षेत्राधिकारिता के श्रम कार्यालय के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। स्वीकृति के बाद, प्रोत्साहन राशि आरटीजीएस/एनईएफटी के माध्यम से सीधे आवेदक/आवेदिका के बैंक खाते में भेजी जाएगी।
निर्माण श्रमिकों के लिए यह योजना उनके बच्चों के खेल सपनों को उड़ान देने का एक सुनहरा अवसर है। अधिक से अधिक श्रमिकों से अपील है कि वे इस योजना का लाभ लें और अपने बच्चों को खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें!

